![]()
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अपने केस की जानकारी लेने पहुंचे पीड़ित पर ही ASI ने अपना गुस्सा उतार दिया। नाराज ASI दिनेश तिवारी ने पीड़ित से बोला कि बड़ा नेता है, तेरा सब नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा।” उसने कनपटी पर 15-20 थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है, जिससे उसका कान सुन्न पड़ गया है। इस मामले की शिकायत पर एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई दिनेश तिवारी को निलंबित कर दिया है। साथ ही फरियादी की शिकायत पर उसी थाने में एएसआई के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। पूरा मामला रनतपुर थाने का है। रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने परिवाद की जानकारी लेने थाने पहुंचा था। दोपहर करीब 2.30 बजे विनोद की मुलाकात एएसआई दिनेश तिवारी से हुई। विनोद ने अपने केस की जानकारी मांगी और जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने का आग्रह किया। इसी बात पर एएसआई नाराज हो गया और मारपीट शुरू कर दी। पिटाई से पीड़ित का कान पड़ गया सुन्न
विनोद जायसवाल का आरोप है कि एएसआई ने गाली-गलौज करते हुए 15-20 थप्पड़ जड़ दिए। घटना के समय थाने में अन्य स्टाफ भी मौजूद था। मारपीट के दौरान एएसआई ने धमकी भी दी कि तू कितना बड़ा नेता है, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा। इस मामले में जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के एवज में एएसआई पर पैसे मांगने के भी आरोप लग रहे हैं। एसएसपी ने एएसआई को किया सस्पेंड
इस घटना की जानकारी थाना प्रभारी व प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन को हुई, तब उन्होंने एसएसपी रजनेश सिंह को पूरी घटना की जानकारी दी। वहीं, पीड़ित ने भी इस मामले की शिकायत एसएसपी से की। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसआई दिनेश तिवारी को तत्काल सस्पेंड कर जांच के आदेश दिए हैं। एएसआई के खिलाफ दर्ज कराया केस
मारपीट की इस घटना के बाद विनोद का कान सुन्न पड़ गया है। उन्हें सुनने में परेशानी और सिरदर्द की शिकायत है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विनोद ने थाने में भी शिकायत की है, जिस पर पुलिस ने दिनेश तिवारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कोयला कारोबारी और स्वास्थ्य मंत्री का करीबी
बताया जा रहा है कि विनोद जायसवाल पहले कोयले का काम करता था। तब वो रतनपुर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता घनश्याम रात्रे का करीबी माना जाता था। बाद में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का करीबी बन गया। विनोद खुद को स्वास्थ्य मंत्री का रिश्तेदार भी बताता है।
<
