![]()
बिलासपुर में मंगलवार को 91 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान के 48 घंटे बाद भी प्रशासन बिजली और पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं कर पाया है। बिजली व्यवस्था ठप होने के कारण सिरगिट्टी, घुरू, कुदुदंड, कोनी समेत शहर के आधे से अधिक इलाकों में पीने के पानी की सप्लाई बंद है। सीएसईबी के एसई पी श्रीनिवास राजू ने दावा किया है कि बिजली आपूर्ति सामान्य हो चुकी है। हालांकि, जब उनसे पानी की समस्या के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि इसके अन्य कारण हो सकते हैं। दूसरी ओर महापौर पूजा विधानी ने एसई के दावे का खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं है, जिसके कारण कई वार्डों में पीने के पानी का संकट गहरा गया है। बिजली न होने से मोटर पंप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। महापौर के सरकारी आवास में भी दो दिन से अंधेरा महापौर ने बताया कि नेहरू चौक स्थित उनके सरकारी आवास में भी दो दिन से अंधेरा है। सरकंडा में पेड़ों की कटाई न होने से बिजली और पानी की समस्या की शिकायत पार्षदों ने की है। कुंदरापारा-यादव नगर में पानी संकट, लोग परेशान वार्ड क्रमांक 5, खूबचंद बघेल नगर की पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने बताया कि कुंदरापारा और यादव नगर की आबादी 12 हजार से अधिक है। लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के जेई से उनकी बात हुई है, लेकिन वे यह नहीं बता पा रहे हैं कि आपूर्ति कब तक सामान्य होगी। पानी के साथ सफाई की समस्या नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप ने बताया कि बिजली सप्लाई ठप होने के कारण एक ओर जहां लोग गर्मी से बेहाल हैं, वहीं पंप नहीं चलने से पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। नगर निगम की सफाई व्यवस्था भी लड़खड़ा गई है। उन्होंने बताया कि कस्तूरबा नगर, घुरू, तालापारा,कुदुदंड और सत्ताइस खोली आदि क्षेत्रों के लोग तीसरे दिन भी जल संकट झेलने मजबूर हैं। वहीं, पार्षद श्याम साहू ने बताया कि देवनगर कोनी के खासतौर पर उड़िया मोहल्ले में कम पानी आ रहा है। मेयर पर वायदा खिलाफी का आरोप वार्ड क्रमांक 10 गुरू गोविंद सिंह नगर के पार्षद पुष्पेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि मेयर ने सामान्य सभा में 30 अप्रैल तक बिरकोना पानी टंकी से सप्लाई सुनिश्चित करने के आश्वासन को पूरा नहीं किया। सिरगिट्टी क्षेत्र में बिजली संकट से ज्यादा वाटर लेवल की समस्या है, जिसके चलते बारहों महीने लोगों को पीने की पानी की समस्या झेलना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि महापौर ने आदर्श नगर, हाई स्कूल और मुक्तिधाम सिरगिट्टी की पानी टंकियों को खूंटाघाट से सप्लाई हो रहे अमृत मिशन की सप्लाई लाइन से जोड़ कर पानी देने का दावा किया था, जिस पर अब तक अमल नहीं किया गया। मेयर बोलीं- आरोप झूठा, पाइप लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर महापौर पूजा विधानी ने पार्षद साहू के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि सिरगिट्टी और तिफरा में अमृत मिशन योजना के अंतर्गत पानी सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। पाइप लाइन बिछाने के दौरान वन विभाग की ओर से एतराज करने पर जरूर कुछ समय के लिए काम रूक गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने सामान्य सभा में 30 अप्रैल तक सप्लाई करने की कोई बात नहीं कही। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण होने के बाद सप्लाई सुनिश्चित होगी, तब तक मौजूदा टंकियों के अतिरिक्त सिंटेक्स टंकियों से पर्याप्त सप्लाई दी जाएगी।
<
