मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। बदमाश वारदात के बाद पल्सर बाइक से फरार हो गए। जिलेभर …और पढ़ें

HighLights
- पेंड्रा के साप्ताहिक बाजार की घटना।
- खुलेआम लूट का विरोध पड़ा भारी।
- बदमाशों ने नजदीक से मारी गोली।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। पेंड्रा-गौरेला-मरवाही जिले में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब साप्ताहिक हाट-बाजार में एक ज्वेलरी व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी चौकी अंतर्गत साप्ताहिक बाजार की है, जहां तीन बदमाश लूट की नीयत से दुकान में घुसे और विरोध करने पर व्यापारी को बेहद करीब से गोली मार दी। वारदात के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
कोटमी में रहने वाले प्रदीप सोनी बाजार में ज्वेलरी की दुकान लगाते थे। मंगलवार शाम करीब सात बजे तीन युवक पल्सर बाइक में सवार होकर बाजार पहुंचे। बदमाश सीधे प्रदीप सोनी की दुकान पर पहुंचे और लूटपाट का प्रयास करने लगे। इस दौरान प्रदीप सोनी ने विरोध किया तो एक बदमाश ने नजदीक से उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर घटनास्थल को सील कर दिया है।
मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। बदमाश वारदात के बाद पल्सर बाइक से फरार हो गए। जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रभाष मिश्रा और आइजी राम गोपाल गर्ग भी पेंड्रा के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि हमलावर की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बाजार में मची भगदड़, लोगों में दहशत
कोटमी के साप्ताहिक हाट-बाजार में हुई फायरिंग की घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बाजार में मौजूद लोगों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में मौजूद लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई दुकानदारों ने तत्काल अपनी दुकानें बंद कर दीं। घटना के दौरान बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और ग्राहक मौजूद थे। लोगों ने बताया कि बदमाश बेहद बेखौफ थे और वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गए। घटना के बाद देर रात तक बाजार क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने की नाकाबंदी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
ज्वेलरी व्यापारी की हत्या के बाद पुलिस ने जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया है। पेंड्रा, गौरेला और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपित वारदात के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर भागे हैं। जांच टीम बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैमरों में दिखाई देने की जानकारी मिली है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खाली कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। बदमाशों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद ली जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी लगातार मानिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
<
