![]()
बिलासपुर में शुक्रवार को तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों तालाब में नहाते समय गहराई में समां गए। इस हादसे के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शव को बाहर निकाला। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। दो भाइयों की मौत से परिवार में मातम छा गया। घटना सीपत थाना क्षेत्र की है। ग्राम नरगोड़ा के लुदियापारा निवासी किशोर कुमार खरे दिल्ली में रहते हैं। उनके पिता के निधन के बाद वे अपने परिवार के साथ गांव आए हुए थे। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उनके बेटे ऋषभ कुमार खरे (11 वर्ष) और रितेश कुमार खरे (13 वर्ष) अपने दोस्त निहाल के साथ गांव के नए तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों भाई अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोस्त ने परिवार वालों को दी जानकारी इस दौरान दोनों बच्चों को पानी में डूबते देख निहाल डर गया। वह तुरंत बस्ती तरफ गया और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण तालाब की ओर दौड़े। घंटों मशक्कत के बाद निकाला शव इस दौरान गांव के जोगीराम सूर्यवंशी समेत अन्य लोग तालाब में कूदकर दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। इस बीच घटना की सूचना सीपत पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घंटों मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव को पानी से बाहर निकाला गया। दोनों मासूमों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है। मां का रो-रोकर बुरा हाल इस हादसे के बाद परिवार का माहौल पूरी तरह मातम में बदल गया है। कुछ घंटे पहले तक जिन बच्चों की किलकारियों से घर गूंज रही थी, उनके हमेशा के लिए चले जाने का सदमा परिजन सहन नहीं कर पा रहे हैं। सबसे ज्यादा दर्दनाक स्थिति बच्चों की मां की है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव की महिलाएं और रिश्तेदार उन्हें संभालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बेटे खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। दादा के दशकर्म में शामिल होने दिल्ली से आया था परिवार परिजनों ने बताया कि बच्चों के दादा का हाल ही में निधन हो गया है। रविवार को उनका दशकर्म कार्यक्रम आयोजित होना है, जिसमें शामिल होने के लिए किशोर अपने परिवार को लेकर गांव आया है। परिवार के लोग अभी बुजुर्ग सदस्य के निधन के गम से उबर भी नहीं पाया था कि दोनों मासूम भाइयों की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।
<
