![]()
बिलासपुर में भीषण गर्मी से बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। शहर के सभी 22 ट्रैफिक सिग्नल आज 17 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेंगे। यह व्यवस्था अस्थाई रूप से लागू की जाएगी। एडिशनल एसपी (ट्रैफिक) रामगोपाल करियारे ने बताया कि, पुलिस उप महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, बीमार व्यक्तियों और आम जनता को अत्यधिक गर्मी से राहत प्रदान करना है। ट्रैफिक नियमों का पालन करें अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि, सिग्नल बंद रहने के दौरान भी वे ट्रैफिक नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। इससे शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित किया जा सकेगा। यातायात पुलिस ने यह भी कहा है कि, गर्मी या लू के कारण किसी भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की स्थिति में नागरिक यातायात अधिकारियों या कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। ऐसे यात्रियों को कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि सिग्नल बंद होने पर महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को चौराहे पार करने में प्राथमिकता के आधार पर सहायता प्रदान करें, ताकि उन्हें लू का सामना न करना पड़े। साथ ही, गर्मी से बचाव के लिए चिकित्सकों द्वारा दिए गए स्वास्थ्य सुरक्षा सुझावों का भी पालन करने की सलाह दी गई है।
<
