![]()
बिलासपुर के संभाग के सबसे बड़े सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को दवा वितरण के लिए अब पांच काउंटर उपलब्ध कराए गए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए दवा वितरण केंद्र में मरीजों और उनके परिजनों को दवा के साथ ठंडा पानी भी उपलब्ध कराया जा रहा है। पूर्व में कमिश्नर सुनील जैन और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपने निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन को दवा वितरण केंद्र में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के बाद दो नए काउंटर स्थापित किए गए, जिससे अब कुल पांच काउंटरों पर एक साथ दवाएं वितरित की जा रही हैं। गर्मी से राहत के लिए फाल्स सीलिंग और दो नए एसी भी लगाए गए हैं, साथ ही वाटर प्यूरीफायर की सुविधा भी उपलब्ध है। मरीजों को मिल रही है तेज, सरल, व्यवस्थित सेवा सिम्स प्रबंधन का दावा है कि काउंटरों की संख्या बढ़ने से लंबी कतारों में कमी आई है और मरीजों को तेज, सरल तथा व्यवस्थित सेवा मिल रही है। सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा, “मरीजों को बेहतर, त्वरित और सम्मानजनक सेवा उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। पांच काउंटरों पर समानांतर दवा वितरण, वातानुकूलित कक्ष और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाएं मरीजों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित की गई हैं।” चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि यह नई व्यवस्था सिम्स में रोगी सुविधा, त्वरित सेवा, स्वच्छता और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।
<
