![]()
बिलासपुर के तोरवा थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर जमानत पर छूटे 10 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी कोर्ट में नियमित पेशी पर नहीं पहुंच रहे थे, जिसके बाद न्यायालय ने उनके खिलाफ वारंट जारी किए थे। शनिवार को पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान 8 गैर-जमानती और 2 जमानती वारंट तामील किए गए। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जमानत की शर्तों का कर रहे थे उल्लंघन पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पहले अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके थे। बाद में उन्हें सशर्त जमानत मिली थी, लेकिन इसके बावजूद वे कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे। लगातार अनुपस्थित रहने के कारण न्यायालय ने उनके खिलाफ वारंट जारी किए थे और तोरवा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों में अमर ध्रुव (30) निवासी देवरीडीह, रोहित ध्रुव (24) निवासी देवरीखुर्द, देवेंद्र सिंह ठाकुर (30) निवासी देवरीखुर्द, छोटू उर्फ रितेश रजक (27) निवासी तोरवा बस्ती, अल्हा रजक (19) निवासी तोरवा, प्रकाश दास (19) निवासी अटल आवास देवरीखुर्द, अमर रजक (36) निवासी तोरवा, विशाल ध्रुव (29) निवासी तोरवा बस्ती और संजय केंवट (37) निवासी दोमुंहानी, तोरवा शामिल हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में तोरवा पुलिस ने फरार वारंटियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया। न्यायालय ने इन फरार वारंटियों के विरुद्ध गैर-जमानती और जमानती वारंट जारी कर तोरवा पुलिस को तामीली के लिए निर्देशित किया था।
<
