भास्कर न्यूज | कलंगपुर गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम पंचायत मुंदेरा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में लगभग 40 वर्ष पुराने गुलमोहर पेड़ की शाखाएं काटे जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शाला की प्रधान पाठक रेखा उइके द्वारा बिना किसी अनुमति के पेड़ की कटाई कराई गई। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल परिसर में लगे इस विशालकाय पेड़ की छांव में बच्चे खेलते थे और यह पेड़ गर्मी के मौसम में राहत का साधन था। शनिवार सुबह पेड़ की शाखाएं काटे जाने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने विरोध जताया। बताया जा रहा है कि जिस समय पेड़ की कटाई की गई, उस समय प्रधान पाठक स्कूल में उपस्थित नहीं थीं। शाला विकास समिति एवं ग्राम पंचायत की अनुमति के बिना ही पेड़ को क्षति पहुंचाई गई और उसे लगभग ठूंठ में तब्दील कर दिया गया। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। प्रधान पाठक रेखा उइके ने बताया कि स्कूल परिसर में बंदरों के उत्पात के कारण कुछ शाखाएं काटने के लिए कहा गया था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में पूरे पेड़ की शाखाएं काट दी गईं। वहीं ग्रामीणों ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसील कार्यालय गुंडरदेही में लिखित शिकायत करने की बात कही है।
<
