![]()
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक पुलिस कांस्टेबल ने अपने क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ग्राम हथौद (सुरेगांव) निवासी 35 वर्षीय लीवन भुआर्य के रूप में हुई है। जो पुलिस लाइन बालोद में पदस्थ था। बताया जा रहा है कि वह करीब चार महीने पहले ही जिला अस्पताल के सामने स्थित पुलिस कॉलोनी में अपने परिवार के साथ शिफ्ट हुआ था। कोतवाली पुलिस के अनुसार घटना के समय कांस्टेबल की पत्नी और बच्चे एक शादी समारोह में गए हुए थे, जबकि वह घर पर अकेला था। गुरुवार सुबह नाइट ड्यूटी से लौटने के बाद वह अपने क्वार्टर में था। लेकिन काफी देर तक पत्नी का फोन रिसीव नहीं किया। इस पर पत्नी ने पड़ोसियों को सूचना दी। दरवाजा नहीं खुला तो बच्चों को भेजा पड़ोसियों ने पुलिस लाइन में खेल रहे बच्चों को कांस्टेबल को आवाज देने के लिए उसके घर भेजा। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तब बच्चों ने दरवाजे में बने छेद से अंदर झांककर देखा, तो कांस्टेबल को फांसी के फंदे पर लटका पाया। यह देखकर वे घबरा गए और तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी। सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी – टीआई सूचना मिलते ही बालोद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल के मर्च्युरी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि कांस्टेबल ने क्वार्टर में पलंग के सहारे फंखे पर स्कार्फ से फांसी लगाई थी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
<
