![]()
छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में गुरुवार सुबह कच्चे लोहे से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर DFO बंगले के सामने पलट गया। उस समय वहां मॉर्निंग वॉक करने वाले लोग भी मौजूद थे, लेकिन राहत की बात है कि कोई बड़ा बड़ा नुकसान नहीं हुआ। ट्रक में सवार ड्राइवर सहित तीन लोगों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। दल्लीराजहरा निवासी ट्रक ड्राइवर सुभाष देवहारी ने बताया कि वह कच्चे माइंस से कच्चा लोहा लेकर रायपुर जा रहा था। बालोद शहर के कॉलेज मोड़ के पास पहुंचते ही ट्रक का लिफ्टर अचानक खराब हो गया। जिससे वाहन लहराने लगा। उसने गाड़ी को संभालने की कोशिश की। लेकिन कलेक्टोरेट बंगले के पास पहुंचते-पहुंचते ट्रक पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और नेशनल हाईवे से नीचे उतरकर नाले में पलट गई। इस हादसे में ड्राइवर के साथ हेल्पर धनंजय नारंग और सूर्या चिकवा भी घायल हुए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है। ड्राइवर ने बताया कि भारी वाहनों में लगे लिफ्टर कई बार संतुलन बिगाड़ देते हैं। जिससे इस तरह के हादसे होते हैं। वहीं, बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज किया जा रहा है। ट्रक से गिरे कच्चे लोहे को दूसरे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा है। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को बाहर निकालकर जप्त किया जाएगा।
<
