![]()
कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड स्थित बानगांव में लंबे समय से जारी बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। जनपद सदस्य लीलावती नेताम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दोपहर करीब 1 बजे बिजली कार्यालय का घेराव किया और अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को संबंधित विभाग को लिखित आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बार-बार शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार न होने पर ग्रामीणों ने यह प्रदर्शन किया। बिजली संकट से परेशान किसान, फसल सूखने का आरोप प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है, वहीं खेती-किसानी और रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। किसानों ने बताया कि बिजली न मिलने के कारण उनकी मक्के की फसल सूख गई है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पटवारी भेजकर फसल का निरीक्षण कराने और जल्द मुआवजा देने की मांग की। किसानों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और उग्र करेंगे। इस प्रदर्शन के दौरान सरपंच गीता प्रसाद बघेल, उप सरपंच अर्जुन शोरी, पंच खेमन यादव, पूर्व सरपंच चंदन राम शोरी, दुलार राम, सियाराम नेताम, नवलु शोरी, नारद, संतोषी, आसमान सुखदेव, परशुराम, सुनील, दयाराम, मनीराम, लखमु, अनिल, सम्पत, संतु शोरी, माधव, राजेंद्र, राजेश्वरी, रामकिरण, रितेश जागेश्वर, विनोद, बंसी सिंह, तुलसीराम, सगराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
<
