टॉप न्यूज़

बस्तर में जर्जर स्कूल में पढ़ाई से खतरा:कचरा शेड में पढ़ने को मजबूर बच्चे, बारिश में भर जाता है पानी, नए भवन की मांग




बस्तर संभाग के प्रवेश द्वार ग्राम माहुद में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। गांव के माध्यमिक विद्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। ऐसे में 50 से अधिक छात्र-छात्राएं कचरा शेड में पढ़ाई करने और वहीं मध्यान्ह भोजन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए नए स्कूल भवन की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल की दीवारों का प्लास्टर लगातार झड़ रहा है। खिड़कियां और बाउंड्रीवाल भी क्षतिग्रस्त हैं। विद्यालय राष्ट्रीय राजमार्ग-30 और महानदी के किनारे स्थित है। बारिश के दौरान नदी का पानी स्कूल परिसर और कक्षाओं तक पहुंच जाता है, जिससे कई दिनों तक स्कूल बंद रखना पड़ता है। खुले कचरा शेड में पढ़ाई और भोजन बच्चों की पढ़ाई और मध्यान्ह भोजन फिलहाल एक खुले कचरा शेड में कराया जा रहा है। चारों ओर से खुले इस शेड में तेज हवा और बारिश का पानी सीधे अंदर आ जाता है। साथ ही खुले परिसर में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। कई बार की शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर स्कूल की समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि गांव में अन्य मुद्दों पर नेता आते रहे, लेकिन स्कूल की समस्या पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। क्या बोले ग्रामीण सरपंच बालकृष्ण सलाम ने बताया कि कई बार स्कूल की मरम्मत कराई गई, लेकिन अब भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। उनके अनुसार, वर्ष 1995-96 से स्कूल की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है और अब नए भवन का निर्माण ही समाधान है। ग्रामीण अजय कुमार निषाद ने कहा कि स्कूल हाईवे और महानदी के किनारे होने से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। उन्होंने गांव के सुरक्षित स्थान पर नया स्कूल बनाने की मांग की। बच्चे करते हैं प्लास्टर गिरने की शिकायत ग्रामीण दिलीप पटेल ने बताया कि उनकी बेटी भी इसी स्कूल में पढ़ती है और अक्सर दीवारों से प्लास्टर गिरने की शिकायत करती है। उन्होंने कहा कि कई अभिभावक मजबूरी में बच्चों को निजी स्कूल भेज रहे हैं, जबकि गरीब परिवार ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। नए भवन की मांग तेज ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शिक्षा के लिए जल्द से जल्द नए विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई की सुविधा मिल सके।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button