![]()
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में देर रात थोक किराना व्यवसायी दीपल ट्रेडर्स के गोदाम और दुकान में आग लग गई। इस घटना में करीब 5 करोड़ रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के लिए 5 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक लवन रोड पर व्यवसायी दीपल की गोदाम और दुकान है। रात करीब 9:30 बजे दुकान में आग लग गई, जो कि देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और सामान धू-धूकर जलने लगा। देखिए पहले ये तस्वीरें- स्थानीय लोगों ने दी घटना की जानकारी कुछ देर बाद आग ने गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू सूचना मिलते ही बलौदाबाजार, सिमगा और अन्य नजदीकी क्षेत्रों से कुल पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान और गोदाम में रखा अनाज, नमक, मसाले, तेल, घी, चीनी, बिस्कुट, नमकीन सहित अन्य खाद्य सामग्री जलकर राख हो चुका था। 5 करोड़ की इन्वेंट्री जलकर खाक दीपल ट्रेडर्स के मालिक ने बताया कि आग से लगभग पांच करोड़ रुपये की इन्वेंट्री का नुकसान हुआ है। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आग का प्रारंभिक कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन फोरेंसिक टीम भी घटना की विस्तृत जांच कर रही है। प्रशासन ने भी क्षति का आकलन और राहत कार्य शुरू कर दिया है।
<
