![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आम नागरिकों की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता को और मजबूत बनाने के लिए इमरजेंसी डायल 112 सेवा की शुरुआत कर दी गई है। 20 मई से शुरू हुई इस सेवा के जरिए जिलेवासी अब किसी भी आपात स्थिति में सिर्फ 112 डायल कर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे। यह सेवा 24 घंटे सक्रिय रहेगी और जिले के सभी क्षेत्रों में काम करेगी। 10 इमरजेंसी वाहन किए गए रवाना डायल 112 सेवा के शुभारंभ के मौके पर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते ने 10 इमरजेंसी डायल 112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सरगुजा सांसद चितामणी महाराज वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और आमजन को संबोधित किया। यह पूरी व्यवस्था पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में शुरू की गई। सड़क हादसे से महिला सुरक्षा तक मिलेगी तुरंत मदद पुलिस विभाग के मुताबिक, डायल 112 सेवा सड़क दुर्घटना, आगजनी, चोरी, मारपीट, महिला सुरक्षा, घरेलू विवाद और एम्बुलेंस सहायता जैसी विभिन्न आपात स्थितियों में त्वरित मदद उपलब्ध कराएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना होगी, ताकि पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सके। फर्जी कॉल से बचने की अपील जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में बिना घबराए डायल 112 का उपयोग करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही फर्जी और अनावश्यक कॉल करने से बचने की भी अपील की गई है, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंच सके। कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जिला वन मंडल अधिकारी आलोक बाजपेयी सहित कई जनप्रतिनिधि और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
<
