![]()
बलरामपुर जिले में पेट्रोल और डीजल की अवैध बिक्री पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति और बिक्री की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। खाद्य विभाग, पुलिस विभाग और राजस्व विभाग की ओर से संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि पेट्रोल की आपूर्ति में आई अस्थायी बाधा को दूर करने के लिए संबंधित तेल कंपनियों से समन्वय स्थापित किया गया है। अब जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सभी पंप संचालकों को निर्धारित दर पर ही पेट्रोल बेचने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि बोतलों में अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ईंधन आपूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है। हेल्पलाइन नंबर जारी आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध बिक्री की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। संभावित आपूर्ति व्यवधानों की आशंकाओं को देखते हुए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। नागरिक ईंधन आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत या जानकारी के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष नंबर 92026-08795 पर संपर्क कर सकते हैं। दवा दुकानों की सघन जांच शुरू बलरामपुर जिले में 15 दिवसीय सघन जांच अभियान शुरू किया गया है। कलेक्टर राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन में यह अभियान “सही दवा, शुद्ध आहार यही है छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर चल रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण औषधि व खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। यह अभियान 27 अप्रैल 2026 से 11 मई 2026 तक चलेगा। अभियान के तहत अब तक 6 कॉस्मेटिक दुकानों, 5 थोक औषधि विक्रेताओं, 11 खुदरा औषधि केंद्रों की सघन जांच की गई है। प्रशासन की टीम ने रामानुजगंज व बलरामपुर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इन दुकानों का किया गया निरीक्षण जांच में कॉस्मेटिक-ट्रेडर्स, जायसवाल मार्केटिंग, पिहू एजेंसी रामानुजगंज, राहुल ट्रेडर्स, महामाया श्रृंगार बलरामपुर शामिल रहे। थोक औषधि विक्रेताओं में शक्ति मेडिकल एजेंसी, शंकर मेडिकल एजेंसी बलरामपुर, सजल मेडिकल एजेंसी, विनायक ट्रेडर्स, श्याम केमिकल्स रामानुजगंज की जांच हुई। खुदरा औषधि केंद्रों में हिमांशु मेडिकल स्टोर, सिटी मेडिकल स्टोर, श्री जगन्नाथ मेडिकल स्टोर, गुड्डू मेडिकल स्टोर, प्रजापति मेडिकल स्टोर, सचिन मेडिकल स्टोर, पाठक दवा दुकान, अमित मेडिकल स्टोर, अंबिका मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया। बिल और दस्तावेजों की जांच जांच के दौरान अधिकारियों ने सभी दुकानों में क्रय-विक्रय बिलों की गहन जांच की। औषधि प्रशासन ने प्रतिष्ठानों को छत्तीसगढ़ राज्य में पंजीकृत थोक विक्रेताओं से ही औषधियां खरीदने, औषधि अनुज्ञप्ति मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। नागरिकों से अपील प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि केवल पंजीकृत मेडिकल स्टोर से चिकित्सक की पर्ची के आधार पर दवाइयां खरीदें। किसी भी समस्या की स्थिति में खाद्य औषधि प्रशासन को तुरंत सूचना देने को कहा गया है।
<
