बरौल | बरौल क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बत्तरा और शासकीय प्राथमिक शाला पण्डो पारा में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ था। दोनों स्कूलों में लगे हैंडपंपों का बोर धंसने से पानी की व्यवस्था ठप हो गई थी। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को पीने के पानी के लिए स्कूल परिसर से बाहर जाना पड़ता था। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर जोखिम बढ़ा और पढ़ाई भी प्रभावित हुई। विद्यालय प्रबंधन ने समस्या को कई बार उठाया। ग्राम पंचायत सरपंच आनन्द सिंह आर्मो ने इसे प्राथमिकता से आगे बढ़ाया। उन्होंने जनपद सदस्य प्रतिनिधि महेन्द्र सिंह मार्को से संपर्क किया। मार्को ने क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद मंत्री के निर्देश पर संबंधित विभागीय अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की। प्रशासन ने तीन दिनों के भीतर दोनों स्कूल परिसरों में नए हैंडपंपों का खनन पूरा कराया। अब दोनों स्कूलों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो गया है। बच्चों को पानी के लिए परिसर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
<
