![]()
सक्ती जिले के छपोरा में फर्जी एसबीआई बैंक खोलकर नौकरी के नाम पर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी पंकज टंडन (31) को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार चल रहे टंडन को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों ने ग्राम छपोरा में फर्जी एसबीआई बैंक खेला था। वे लोगों को नौकरी का झांसा देते थे, बाकायदा इंटरव्यू लेते थे और फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करते थे। हर पीड़ित से करीब 30,000 रुपए की वसूली की गई थी, जिससे कई लोगों को सुनियोजित तरीके से ठगी का शिकार बनाया गया। शिकायत के बाद खुला धोखाधड़ी का मामला इस धोखाधड़ी का खुलासा एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा के जीवराखन कावड़े की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 318(4), 338, 336, 340, 3(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पहले ही कई आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार जांच के दौरान पुलिस ने इससे पहले अनिल भास्कर, नरेंद्र साहू, हीरा दिवाकर उर्फ कुणाल दिवाकर, टुकेश्वर दास महंत और सुभद्रा महंत सहित छह अन्य आरोपियों को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फरार आरोपियों की तलाश जारी बाकी फरार आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, एएसपी पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। मुख्य आरोपी पंकज टंडन की गिरफ्तारी इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी पंकज टंडन को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे हाल ही में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चंद्रपुर क्षेत्र में महानदी तट पर दबिश देकर जेसीबी मशीन और चार ट्रैक्टर जब्त किए गए। ये वाहन बिना वैध दस्तावेजों के रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे थे। चंद्रपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कोसले की टीम ने ग्राम कलमा स्थित महानदी किनारे घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने मौके पर अवैध रूप से रेत खनन करते हुए वाहनों को पकड़ा। मौके पर मौजूद चालकों से रेत उत्खनन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके। SP बोले- अवैध खनन और परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया। जब्त किए गए वाहनों में जेसीबी (OD 17 AB 2434) और चार ट्रैक्टर (CG 13 BD 9964, CG 11 BD 3353, CG 13 BG 8337, CG 13 BD 2253) शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि अवैध उत्खनन और परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुष्टि की कि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
<
