![]()
सक्ति जिले में हुए वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर युवा कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा और कुनकुरी नगर पालिका अध्यक्ष विनयशील गुप्ता ने फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट सार्वजनिक करते हुए दावा किया कि हादसे की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पावर प्लांट के संचालन और सुरक्षा मानकों के पालन में गंभीर लापरवाही बरती गई। उन्होंने सवाल उठाया कि हादसे के इतने दिन बाद भी FIR सार्वजनिक क्यों नहीं की गई। उनके मुताबिक मामले को दबाने और रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकाश शर्मा ने कहा कि हादसे से करीब 10 दिन पहले प्लांट में “शॉर्ट शटडाउन” हुआ था। ऐसे मामलों में उद्योग विभाग से अनुमति लेना जरूरी होता है। उन्होंने पूछा कि क्या प्लांट प्रबंधन ने जरूरी परमिशन ली थी या नहीं। युवा कांग्रेस ने पूरे मामले में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि सिर्फ मुआवजा देकर जिम्मेदारों को बचाया नहीं जा सकता। नेताओं ने कहा कि हादसे में जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी धाराओं में कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार से छत्तीसगढ़ के सभी पावर प्लांट्स का सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग भी की। उनका कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा मानकों की जांच नहीं हुई तो भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर FIR सार्वजनिक नहीं की गई और कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो सक्ति से रायपुर तक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
<
