भास्कर न्यूज | जांजगीर शासकीय कार्य में बाधा डालने और प्रगणक के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना जांजगीर ग्रामीण क्षेत्र में जनगणना कार्य के दौरान हुई। प्रगणक हृदय राठौर बसंतपुर में सर्वे कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वहां के निवासी शिवशंकर यादव ने अकारण विवाद कर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। घटना के कारण जनगणना कार्य प्रभावित हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर शिक्षक संगठन के पदाधिकारी सिटी कोतवाली पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर के मार्गदर्शन में जिलाध्यक्ष हरीश गोपाल, कार्यकारी जिला अध्यक्ष विवेक राठौर और कोषाध्यक्ष दिलीप भारती गुरु सहित अन्य सदस्य सक्रिय हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार राजकुमार मरावी और थाना प्रभारी गुप्ता के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बसंतपुर में दबिश दी और आरोपी शिवशंकर यादव को हिरासत में ले लिया।
<
