भास्कर न्यूज|कुकदूर शासकीय नवीन कॉलेज कुई-कुकदूर में विद्यार्थियों के वैज्ञानिक कौशल को निखारने और विषय के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से प्राणी शास्त्र परिषद (जूलॉजिकल सोसायटी) का उद्घाटन समारोह आयोजित की गई। यह कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर जीए घनश्याम के अध्यक्षता में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जेपी मिश्र पीजी कॉलेज मुंगेली प्राचार्य प्रोफेसर शोभित वाजपेई उपस्थित रहे। परिषद का उद्घाटन प्रोफेसर धनंजय मिश्र (वरिष्ठ प्राध्यापक, प्राणी शास्त्र, पीजी कॉलेज बलौदा बाजार) ने किया। प्राणी शास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक रामरती निषाद ने परिषद के गठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस परिषद के माध्यम से छात्र-छात्राओं को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें प्रायोगिक गतिविधियों, सेमिनार और शोधपरक कार्य से जोड़ा जाएगा। धनंजय मिश्र ने कहा कि प्राणी शास्त्र केवल जीवों का अध्ययन नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के संतुलन को समझने का आधार है। परिषद जैसी गतिविधियां छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण पैदा करती हैं जो उनके भविष्य के करियर के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। परिषद के गठन पर विद्यार्थियों में उत्साह इस अवसर पर कॉलेज के सभी प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। परिषद के गठन को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया, क्योंकि अब उन्हें विषय से जुड़ी रचनात्मक गतिविधियों के लिए एक समर्पित मंच प्राप्त होगा। मंच संचालन गोविंद यादव ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावी शैली से कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखी। इस दौरान कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
<
