![]()
घाट खाल्हे ग्राम सोरिदखुर्द क्षेत्र में निर्माणाधीन आमानाला जलाशय की नहर का काम इन दिनों प्रशासनिक देरी के कारण ठप पड़ गया है। नहर निर्माण के मार्ग में आ रहे पेड़ों की कटाई के लिए आवश्यक अनुमति अब तक नहीं मिल पाई है, जिससे कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत के सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा संबंधित विभाग को पेड़ों की कटाई की अनुमति के लिए आवेदन दिया जा चुका है। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा उच्च अधिकारियों को भी पत्र लिखकर अनुमति प्रदान करने की मांग की गई है, लेकिन लगातार हो रही देरी से ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि नहर निर्माण कार्य रुकने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे उनकी फसलों पर सीधा असर पड़ सकता है। सरपंच व ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।
<
