![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दुबटिया कुडकई गांव में देर रात एक रेत से भरा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रेलर एक पेड़ और बिजली के खंभे से टकरा गया। जिससे इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रेलर पहले एक विशाल पेड़ से टकराया। इसके बाद वह बिजली के खंभे और तारों को क्षतिग्रस्त करते हुए पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हाई-टेंशन तार टूटकर जमीन पर गिरा हादसे के कारण बिजली के खंभे और हाई-टेंशन तार टूटकर जमीन पर गिर गए, जिससे दुबटिया कुडकई और आसपास के ग्रामीण इलाकों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। गनीमत रही कि ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आईं और उसकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे। बिजली विभाग की टीम टूटे हुए तारों और खंभों की मरम्मत कर रही है ताकि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल की जा सके।
<
