जांजगीर | बच्चों को खेल और अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले गुरुजी खुद भ्रष्टाचार के खेल में फंस गए हैं। नवागढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में पदस्थ व्यायाम शिक्षक नलसाय दिवाकर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के गरीब हितग्राहियों से खुलेआम वसूली करने का गंभीर आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। एसडीएम जांजगीर द्वारा कराई गई जांच में शिक्षक की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच प्रतिवेदन में सामने आया कि संबंधित ऑडियो में पैसे मांगने वाली आवाज उनकी ही है। ग्राम पंचायत पचरी के ग्रामीणों ने भी बयान देकर आरोपों की पुष्टि की। शिक्षक पर पीएम आवास की किश्त जारी कराने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप है।
<
