जांजगीर| पामगढ़ पुलिस ने पान ठेला दुकान में चोरी की नीयत से घुसे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दुकान संचालक की सतर्कता और ग्रामीणों की तत्परता से संभव हो सकी। मामला थाना पामगढ़ क्षेत्र का है। धाराशिव निवासी प्रार्थी राजकुमार राठौर 15 मई की रात लगभग 8 बजे दुकान बंद कर जांजगीर एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए थे। रात करीब 11.15 बजे लौटने पर उन्होंने दुकान का कुंडा टूटा और दरवाजा खुला पाया। अंदर से आवाज आने पर उन्होंने बाहर से सिटकनी लगाकर ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से जब दरवाजा खोला गया तो अंदर छिपे दोनों आरोपी भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान अविनाश यादव (33), निवासी भोजपुर चौक चांपा और रवि यादव (21), निवासी खोखरा जांजगीर के रूप में हुई। दोनों बिना नंबर की बाइक से आए थे। पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4), 62, 3(5) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
<
