![]()
भास्कर न्यूज | कवर्धा नगर पंचायत पिपरिया स्थित महंत श्री रामजानकी शरणदास वैष्णव शासकीय स्नातक महाविद्यालय में फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स को यादगार विदाई दी। जहां विद्यार्थियों ने गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से वरिष्ठों को शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति सदस्य राजेंद्र गुप्ता, प्रेमलाल साहू और सामाजिक कार्यकर्ता अनिल दानी उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके श्रीवास ने कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है, जो अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली शारदा और सप्तम स्थान प्राप्त करने वाली रूमन को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं, रचनात्मक कार्यों के लिए हिमांशु जाटवार को विशेष सम्मान दिया गया। समारोह की खास उपलब्धि रही महाविद्यालयीन पत्रिका ‘सृजन’ का विमोचन, जिसमें विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच दिया गया है। इसके साथ ही महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा लिखित ‘केमिस्ट्री’, ‘वर्मी कल्चर’ और ‘केमिस्ट्री इन डेली लाइफ’ पुस्तकों का भी लोकार्पण किया गया। इससे कार्यक्रम को शैक्षणिक गरिमा भी मिली। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए संगीत, खेलकूद और स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। करीब 1500 विद्यार्थियों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था ने आयोजन किया गया। समारोह के अंत में मिस्टर और मिस फेयरवेल का चयन कर विजेताओं सहित सभी सीनियर विद्यार्थियों को उपहार भेंट किए गए। महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और पूरा स्टाफ कार्यक्रम में मौजूद रहा।
<
