![]()
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से दूध की बोतल में 97.63 ग्राम हेरोइन भरकर लाने वाले दो तस्करों और तीन खरीददारों को रेलवे स्टेशन के बाहर पकड़कर बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। जब्त हेरोइन की कीमत करीब दो लाख रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करों से 58 हजार कैश मोबाइल, कार व स्कूटी भी बरामद किया है। तस्करों उस समय पकड़ा गया, जब वे हेरोइन की डिलिवरी कर रहे थे। पुलिस सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पंजाब से छत्तीसगढ़ तक हेरोइन सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि मंगलवार शाम एसएसपी रजनेश सिंह को जानकारी मिली कि पंजाब से बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास हेराइन की डिलीवरी होने वाली है। खबर मिलते ही उन्होंने तुरंत स्पेशल टीम बनाया, जिसमें निरीक्षक निलेश पांडेय और सरकंडा थाने के पुलिस जवानों को शामिल किया गया। जिसके बाद टीम रेलवे स्टेशन के पास संदेहियों की तलाश में जुट गई। रेलवे स्टेशन के बाहर अल्टो कार में डिलीवरी
इस दौरान पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में घेराबंदी की थी। बताए गए हुलिए के अनुसार दो युवक रेलवे स्टेशन से बाहर निकले और अल्टो कार के पास पहुंच गए। उन्हें देखते ही पुलिस की टीम अलर्ट हो गई, जिसके बाद घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान एक अल्टो कार और स्कूटी सवार पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 97.63 ग्राम प्रतिबंधित हेरोइन बरामद हुआ। इसके अलावा 57,800 कैश, 5 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है। पंजाब के हैं सप्लायर, मुंगेली से आए थे खरीदार
गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के अमृतसर निवासी जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह मुख्य सप्लायर बताए जा रहे हैं। वहीं, मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक स्थानीय स्तर पर नेटवर्क संभाल रहे थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी बिना किसी वैध दस्तावेज के नशीला पदार्थ लेकर पहुंचे थे और इसकी सप्लाई की तैयारी में थे। पंजाब से मध्य भारत में फैला नशे का नेटवर्क
पुलिस को आशंका है कि हेरोइन की यह खेप सीमावर्ती राज्यों के जरिए बड़े नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। पंजाब से लगातार मध्यभारत में बढ़ती ड्रग्स सप्लाई को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके। तोरवा थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छत्तीसगढ़ में किन-किन जिलों तक इस नेटवर्क की सप्लाई पहुंच रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। तस्करी में पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका
आमतौर पर ड्रग्स की पाकिस्तान से भारत में सप्लाई की जाती है। संभावना जताई जा रही है कि पकड़े गए पंजाब के तस्कर पाकिस्तान से हेरोइन मंगाकर देश के अलग अलग हिस्सों में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने पहले भ पंजाब के एक ड्राइवर को ड्रग्स के साथ पकड़ा था। उस दौरान पाकिस्तान से ड्रग्स लाकर बेचने की जानकारी सामने आई थी।
<
