भास्कर न्यूज | कवर्धा निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र कबीरधाम द्वारा 20 मई को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के जरिए जिले के युवाओं को बिना किसी शुल्क के सीधे निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने अपनी योग्यता प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। रोजगार मेला सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक रोजगार कार्यालय काली मंदिर के पास ठाकुरपारा कवर्धा में आयोजित होगा। इस बार कुल 160 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें अलग-अलग योग्यता और अनुभव वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसर हैं। मेले में कवर्धा में सेल्स ऑफिसर के 10 पद, रायपुर एक हेल्थ केयर सोसायटी के लिए केयर टेकर के 100 पद और भिलाई की एक कंपनी द्वारा आईटीआई ट्रेनी के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। मेले में यह साथ लेकर आएं रोजगार मेले में अभ्यर्थियों को अपने साथ कुछ जरूरी दस्तावेज लाने होंगे। इनमें रोजगार पहचान पत्र, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, एक पासपोर्ट साइज फोटो, ड्राइविंग लाइसेंस और पद के अनुसार जरूरी अन्य दस्तावेजों की मूल व छायाप्रति शामिल है। यह मेला पूरी तरह निशुल्क है।
<
