![]()
छत्तीसगढ़ में जांजगीर-चांपा जिले में बुधवार देर रात 4 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। चारों की लाशें निर्माणाधीन मकान के भीतर खाट पर मिली हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह हत्या है, सामूहिक आत्महत्या या फिर कोई हादसा। घटना ग्राम भवंतरा की है। मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह निर्माण कार्य पर पहुंचे एक मिस्त्री ने चारों को खाट पर बेसुध पड़ा देखा। जानकारी के अनुसार, सभी मृतक एक नए मकान के निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और वहीं ठहरे थे। घटना की सूचना मिलते ही सरपंच राजाराम कश्यप ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल, इन चारों की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
<
