नारायणपुर| जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मुरियापारा क्षेत्र से हिरासत में लिया, जहां पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। नाबालिग पीड़िता के साथ हुई इस घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में आरोपी की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी का सहारा लिया। इसके आधार पर टीम ने मुरियापारा में घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय प्रमोद मड़ावी के रूप में हुई है, जो मुरियापारा का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया है।
<
