![]()
बलौदाबाजार जिले में प्रशासन का दावा है कि रसोई गैस (एलपीजी) और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी एजेंसियों को उपभोक्ताओं तक निर्बाध ईंधन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गुरुवार को आयोजित बैठक में कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों, एलपीजी वितरकों और ऑयल कंपनी प्रतिनिधियों से जिले में ईंधन आपूर्ति की जानकारी ली। आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि जिले में पर्याप्त आपूर्ति भेजी जा रही है। जबकि कुछ स्थानों पर डिमांड जनरेशन में देरी के कारण वितरण प्रभावित हो रहा है। कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि किसी भी पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी में कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्रों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश भी दिए गए। जारिकेन में ईंधन देने पर नियम पेट्रोल पंप से केवल वाहनों को ही ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा। जारिकेन में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक रहेगी। कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर में डीजल लेने की स्थिति में वाहन के कागजात और मालिक का नाम-पता रजिस्टर में दर्ज करने के बाद 15 से 20 लीटर तक डीजल देने की अनुमति होगी। निर्माण कार्य के लिए डीजल आपूर्ति पोकलेन और अन्य अर्थ मूवर मशीनों के लिए वर्क ऑर्डर की प्रति, संबंधित विभाग और ठेकेदार की पुष्टि के बाद ही जारिकेन में डीजल दिया जाएगा। नियमित निरीक्षण के निर्देश कलेक्टर ने खाद्य अधिकारियों और निरीक्षकों को रोजाना फील्ड में जाकर पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। स्टॉक और वितरण की दैनिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा गया। बैठक में कहा गया कि किसी भी उपभोक्ता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निर्धारित दर से अधिक कीमत या बिना डिलीवरी के मैसेज भेजने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कंपनियों के बीच समन्वय पर जोर सभी ऑयल कंपनियों को आपसी समन्वय बनाकर पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी एजेंसियों में गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। कलेक्टर ने उनके समाधान के लिए गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
<
