नवीन जिला एवं सत्र न्यायालय भवन का वर्चुअल भूमिपूजन:छत्तीसगढ़ के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने किया वर्चुअल शिलान्यास, 46 करोड़ में होगा निर्माण

![]()
सरगुजा में प्रस्तावित नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण के लिए मंगलवार को वर्चुअल भूमिपूजन एवं शिलान्यास का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से नवीन भवन का शिलान्यास किया। नया कोर्ट परिसर 46 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। भूमिपूजन समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीश और सरगुजा जिले के पोर्टफोलियो जज जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू तथा सूरजपुर जिले के पोर्टफोलियो जज जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल भी वर्चुअल उपस्थित रहे। अंबिकापुर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत ने पूजा अर्चना की। चीफ जस्टिस बोले-संकल्प पूरा हुआ वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने कहा कि ’’न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी नये न्यायालय भवन को अपने घर की तरह समझे और साथ-सुथरा रखें तथा न्यायालय के मूल उद्देश्य, अर्थात् आम जन को त्वरित एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराएं। चीफ जस्टिस ने कहा कि वे जब पहली बार अंबिकापुर आये थे, तब उन्होंने जिला न्यायालय भवन को देखकर उन्होनें नवीन भवन निर्माण कराने का संकल्प लिया था। जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत ने चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके विशेष प्रयास से सरगुजा के नवीन जिला न्यायालय भवन के निर्माण का कार्य प्रशस्त हुआ। समारोह के दौरान चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने नवीन न्यायालय भवन के शिलालेख का वर्चुअल अनावरण किया गया तथा वर्चुअल शिलान्यास के पश्चात् विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। 46 करोड़ की लागत से बनेगा नया परिसर नये जिला एवं सत्र न्यायालय के लिए राज्य शासन द्वारा 4602.52 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। 3.52 एकड़ भूमि में जिला न्यायालय परिसर का निर्माण होगा। इसके लिए जिला न्यायालय की भूमि पर से अवैध कब्जे हटाए गये हैं। नया भवन जी प्लस 4 मंजिल का होगा। इसमें 24 कोर्ट रूम बनेंगे। इसके साथ ही यहां अधिवक्ताओं के लिए कक्ष, कंप्यूटर रूम, लाइब्रेरी, मालखाना, महिला एवं पुरूष बंदीगृह बनाई जाएंगी। न्यायालय के भूमि पूजन अवसर पर आईजी दीपक झा, कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश अग्रवाल, जिला न्यायालय के न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण एवं न्यायिक कर्मचारीगण उपस्थित थे।
Source link




