![]()
कोरबा के रिसदी क्षेत्र में सृष्टि हॉस्पिटल के पास स्थित एक नर्सरी में मंगलवार (26 मई) देर शाम भीषण आग लग गई। आग पिछले तीन घंटे से लगातार धधक रही है। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं, लेकिन तेज हवा और भीषण गर्मी के कारण राहत कार्य में दिक्कत आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग सबसे पहले एक निजी नर्सरी में लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैलते हुए वन विभाग की नर्सरी तक पहुंच गई। आग कई एकड़ क्षेत्र में फैल चुकी है और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। पेड़-पौधे और वन्यजीव आग की चपेट में घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी और फायर वाचर मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास जारी है। आग की चपेट में आकर नर्सरी के कई छोटे-बड़े पेड़ जलकर राख हो गए हैं। वहीं, कई जीव-जंतु भी आग में फंस गए। वन विभाग को बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है। रिहायशी इलाके तक पहुंचने का खतरा स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आग की लपटें अब रिहायशी इलाके की ओर बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। सृष्टि हॉस्पिटल के आसपास धुआं फैलने से लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि आग किसी असामाजिक तत्व की करतूत हो सकती है। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई बार आग लग चुकी है, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। कारणों की जांच जारी फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल की टीमें लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में लगी हैं। वन विभाग के फायर वाचर झाड़ियों और पेड़ों में लगी आग को फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।
<
