धान की खेती का रकबा हुआ कम, अफसर बोले अन्य फसल व सब्जियों की खेती कर रहे किसान

![]()
भास्कर न्यूज | बालोद जिले में इस बार खरीफ सीजन में लक्ष्य से 720 हेक्टेयर और पिछले साल की तुलना में 2 हजार 769 हे. कम रकबे में धान की खेती हो रही है। कृषि विभाग के अनुसार धान की बुवाई लक्ष्य पूरा हो चुका है लेकिन रोपाई लक्ष्य अधूरा है। जिसे ध्यान में रखकर कृषि विभाग के उप संचालक आशीष चंद्राकर ने वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारियों से ब्लॉकवार रिपोर्ट मांगी है ताकि वास्तविक स्थिति मालूम हो सकें। सोमवार को जारी कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार एक जून से लेकर अब तक जिले में एक लाख 76 हजार 680 हेक्टेयर रकबे में धान की बुवाई, रोपाई हो चुकी है। जबकि पिछले साल एक लाख 79 हजार 449 हेक्टेयर रकबे में धान की बुवाई, रोपाई हुई थी। इस साल खरीफ सीजन में कुल एक लाख 77 हजार 400 हेक्टेयर रकबे में बुवाई, रोपाई का लक्ष्य रखा गया है। कृषि उप संचालक आशीष चंद्राकर का कहना है कि खंड वर्षा की वजह से रोपाई कार्य प्रभावित हुआ है। कहीं-कहीं अब तक रोपाई हो रही होगी। ऐसा अनुमान है। इस वजह से आंकड़े अपडेट करने के लिए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगे है। विभागीय आंकड़ों पर ओवरऑल स्थिति पर गौर करें तो लक्ष्य अधूरा है। अन्य फसल व सब्जियों की खेती करने की वजह से धान का रकबा कम होने का दावा किया जा रहा है। कृषि विभाग के अनुसार पिछले 5 साल से एक लाख 70 हजार से ज्यादा हेक्टेयर रकबे में धान की खेती हो रही है। 75 प्रतिशत किसान बारिश के भरोसे खेती करते हैं। ब्लॉकवार स्थिति पर गौर करें तो बुवाई व रोपाई लक्ष्य की स्थिति अलग-अलग है। अधिकांश ब्लॉक में अब तक रोपाई लक्ष्य अधूरा ही है। इस सीजन गुरूर ब्लॉक में लक्ष्य 20 हजार 100 हेक्टेयर रकबे में धान की बुवाई, रोपाई का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह डौंडी ब्लॉक में 21 हजार 890 हेक्टेयर, गुरूर ब्लॉक में 7 हजार 200 हे., गुंडरदेही ब्लॉक में 44 हजार 450 हेक्टेयर, डौंडीलोहारा ब्लॉक में 47 हजार 550 हेक्टेयर रकबे में धान बुवाई का लक्ष्य रखा गया है।कृषि विभाग के अनुसार इस साल एक लाख 49 हजार 775 हेक्टेयर रकबे में धान की बुवाई हुई है। जो पिछले साल की तुलना में एक हजार 464 हेक्टेयर कम है। पिछले साल एक लाख 51 हजार 239 हेक्टेयर में धान की बुवाई हुई थी। पिछले साल 28 हजार 210 हेक्टेयर रकबे में रोपाई हुई थी।
Source link




