![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी में राष्ट्रीय अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह का आगाज हो गया है। इस अवसर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। यह सप्ताह 20 अप्रैल तक मनाया जाएगा। कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के पीछे नगर सेना के महिला और पुरुष जवान मोटरसाइकिल पर सवार नजर आए। सायरन बजाते हुए यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया। शहर के प्रमुख चौकों से गुजरी रैली यह रैली अग्निशमन कार्यालय से शुरू हुई और सिहावा चौक, घड़ी चौक, छत्रपति शिवाजी चौक तथा अंबेडकर चौक से होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद अर्जुनी चौक पहुंचकर वापस अग्निशमन कार्यालय में समाप्त हुई। अग्निशमन सेवा दिवस का महत्व भारत में हर साल 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है। यह दिन वर्ष 1944 में मुंबई बंदरगाह पर हुए भीषण विस्फोट में शहीद हुए 66 अग्निशामकों को श्रद्धांजलि देने के लिए समर्पित है। इसी के तहत एक सप्ताह तक अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह भी आयोजित होता है। सप्ताह भर चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम इस पूरे सप्ताह का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देना और उन्हें सतर्क बनाना है। नगर सेना धमतरी इस दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सुरक्षा संदेश पहुंच सके।
<
