![]()
धमतरी के डाक बंगला वार्ड में पिछले एक सप्ताह से गंदे पानी की सप्लाई को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज वार्डवासियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया और महापौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में कांग्रेस पार्षद और नेता प्रतिपक्ष भी शामिल रहे। डाक बंगला वार्ड के निवासी गंदे और बदबूदार पानी से भरे मटके लेकर नगर निगम पहुंचे। लोगों ने निगम कार्यालय के सामने मटके फोड़कर विरोध जताया। गंदा पानी लेकर निगम पहुंचे लोग प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले सात दिनों से वार्ड में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे आधा दर्जन से ज्यादा लोग बीमार पड़ चुके हैं और कुछ को खुजली की समस्या भी हो रही है। उल्टी-दस्त और खुजली से परेशान लोग वार्ड की महिलाओं ने बताया कि गंदा पानी पीने से कई लोगों को उल्टी-दस्त और खुजली की शिकायत हो रही है। कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा है। महिलाओं का कहना है कि छोटे बच्चों की तबीयत भी लगातार खराब हो रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद नगर निगम प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया। महिलाओं ने कहा कि निगम पहुंचने पर उन्हें महापौर से मिलने तक नहीं दिया गया। “किसी की मौत हुई तो जिम्मेदार महापौर” प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गंदे पानी की वजह से किसी की जान जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी महापौर की होगी। डाक बंगला वार्ड की पार्षद सुमन मेश्राम ने कहा कि कई लोगों को उल्टी दस्त के चलते हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सात दिनों से वार्ड में बदबूदार पानी आ रहा है। इसकी शिकायत कमिश्नर और महापौर से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। महापौर बोले- कांग्रेस कर रही राजनीति वहीं महापौर रामु रोहरा ने पूरे मामले को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि शहर में इंटर कनेक्शन और नए पाइपलाइन कनेक्शन का काम चल रहा है, जिसकी वजह से कुछ समय के लिए पानी प्रभावित हुआ है। महापौर ने कहा कि तकनीकी काम के दौरान 2-3 दिन तक पानी खुला छोड़ने के निर्देश होते हैं। महापौर में दावा करते हुए कहा पहली बार धमतरी को इतना पानी मिल रहा है जिसकी कोई हद नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्षद इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने साधा निशाना वार्डवासियों का समर्थन करने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने नगर निगम अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “ट्रिपल इंजन सरकार” के दावों के बावजूद धमतरी की जनता को साफ पानी तक नहीं मिल पा रहा है।
<
