भास्कर न्यूज | देवरी-चांपा जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत देवरी में पाइपलाइन और नल कनेक्शन देकर हर घर तक पानी पहुंचाने की योजना लागू की गई है। गांव में दो पानी टंकियों का निर्माण भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद भाटापारा मोहल्ले में नल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कई वर्षों से उन्हें नियमित रूप से नल के माध्यम से पानी नहीं मिल पा रहा। स्थिति यह है कि महिलाएं आज भी हैंडपंप और सिंटेक्स के सहारे हैं। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर से पानी लाकर घर तक पहुंचाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी में समस्या और बढ़ जाती है। हैंडपंप का जल स्तर भी नीचे चला जा रहा है। ऐसे में पानी की व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो गया है। मोहल्लेवासियों ने मांग की है कि जल जीवन मिशन के तहत भाटापारा में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही टंकी से कनेक्शन तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और महिलाओं को पानी ढोने से छुटकारा मिले।
<
