![]()
रायपुर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम के जोन-10 की टीम ने देवपुरी स्थित वर्धमान नगर के पीछे करीब एक एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई करते हुए वहां बनाई गई मुरुम सड़क को काट दिया। साथ ही मौके से निर्माण सामग्री भी जब्त की गई। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक बिना अनुमति प्लाटिंग कर जमीन को बेचने की तैयारी की जा रही थी। इसकी सूचना मिलने पर जोन-10 नगर निवेश विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। थ्री-डी मशीन से काटी गई अवैध सड़क निगम की टीम ने अवैध प्लाटिंग को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई मुरुम सड़क को थ्री-डी मशीन की मदद से काट दिया, ताकि जमीन की खरीदी-बिक्री और आगे के विकास कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जा सके। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कॉलोनियों को विकसित होने से पहले रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। निर्माण सामग्री भी जब्त कार्रवाई के दौरान मौके पर रखी भवन निर्माण सामग्री को भी जब्त किया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना वैधानिक अनुमति के की जा रही प्लाटिंग और निर्माण गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, सहायक अभियंता सुशील अहीर, उप अभियंता नवीन वर्मा और मनोज साहू सहित नगर निवेश विभाग की टीम मौजूद रही। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी प्लॉट की खरीदारी से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृतियों की जांच अवश्य करें, ताकि अवैध कॉलोनियों में निवेश से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।
<
