![]()
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस को विकास दिखाई नहीं देता। उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को वैश्विक परिस्थितियों का परिणाम बताया और आने वाले समय में राहत मिलने की उम्मीद जताई। उपमुख्यमंत्री साव ने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बिलासपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कही। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि चकरभाठा एयरपोर्ट (बिलासपुर) के विकास, नाइट लैंडिंग सुविधा और हवाई सेवाओं के विस्तार पर सरकार लगातार काम कर रही है। नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले पर साव ने कहा कि सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं में ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई कर रही है, ताकि भविष्य में इनकी पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने जोर दिया कि केंद्र और राज्य सरकारें जनता के हित में निरंतर कार्यरत हैं। उपमुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं साव ने आगे कहा कि विकास, सुशासन और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने बीते 12 वर्षों में देश द्वारा विकास, सुरक्षा, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करने का उल्लेख किया। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। जनधन योजना ने गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा, जबकि प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने आम लोगों का जीवन आसान बनाया है। उन्होंने कहा कि किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और सिंचाई योजनाओं का लाभ मिला है, जिससे उनकी आय और उत्पादन में वृद्धि हुई है। साव ने यह भी बताया कि देश में सड़क, रेल, मेट्रो, एयरपोर्ट और डिजिटल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है।
<
