![]()
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नहाने गए पांच दोस्तों में से दो की डूबने से मौत हो गई। घटना दुर्ग में छातागढ़ के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त साथ में नदी में नहाने उतरे थे, लेकिन किसी को तैरना नहीं आता था। जानकारी के मुताबिक नहाने के दौरान अचानक दो युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए। वहां पानी करीब 10 से 12 फीट गहरा था। गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूब गए। बाकी तीन दोस्त किसी तरह बाहर निकल आए। पुलिस और एसडीआरएफ पहुंची थी मौके पर
घटना के बाद बाहर निकले दोस्तों ने तुरंत घरवालों को जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस और SDRF टीम को दी गई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की गई। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद रात करीब 8 बजे दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। बताया जा रहा है कि शव करीब 10 मीटर दूर से मिले। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजन भी पहुंचे मौके पर
बताया जा रहा है कि देर शाम को दोनों दोस्तों का शव बाहर निकाला गया। मृतकों में एक की उम्र 14 साल और दूसरे की 20 साल बताई जा रही है। दोनों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। डूबने वालों में एक का नाम फैज और एक का नाम ईशान बताया जा रहा है।
पिकनिक स्पॉट है छातागढ़
दुर्ग में छातागढ़ पिकनिक स्पॉट के रूप में काफी तेजी से लोकप्रिय हुआ है। यह दुर्ग जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां एक प्राचीन मनोकामना सिद्धपीठ हनुमान मंदिर है, जहां का शांत वातावरण मन को शांति देता है। पिकनिक स्पॉट के पास ही शिवनाथ नदी है जहां पर लोगों की भीड़ लगी रहती है। यह पूरा क्षेत्र हरे-भरे पेड़ों से घिरा हुआ है। लोग यहां पिकनिक मनाने, फोटोग्राफी करने और नदी के किनारे समय बिताने आते हैं।
<
