![]()
दुर्ग जिले में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारात से लौट रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। यह घटना बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्री के पास दुर्ग-जालबांधा मुख्य मार्ग पर हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में 30 से ज्यादा बाराती सवार थे, जिनमें से कई लोग अपनी सीट से उछलकर घायल हो गए। यह बस ग्राम मड़ियापार से बारात लेकर दुर्ग के तितुरडीह लौट रही थी। टर्निंग के पास तेज रफ्तार बस का अचानक संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते चालक बस पर काबू नहीं रख सका और बस सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। 19 घायल, 2 की हालत गंभीर
इस दुर्घटना में करीब 19 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 17 लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि एक बुजुर्ग और एक छोटे बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल दोनों को पहले जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज जिला अस्पताल और आसपास के अन्य अस्पतालों में चल रहा है। मौके पर पहुंची एंबुलेंस
घटना की सूचना मिलते ही बोरी थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। राहत और बचाव कार्य देर रात तक चलता रहा। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
<
