![]()
दुर्ग जिले में इन दिनों चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। पिछले दो दिनों में जिले के अलग-अलग इलाकों से चोरी के 8 मामले सामने आए हैं। एक झपटमारी की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। 14 अप्रैल को 4 चोरी के मामले दर्ज हुए थे, जबकि 15 अप्रैल को भी चार अलग-अलग थानों में चोरी की शिकायतें आईं। वहीं दुर्ग के मोहन नगर में एक बुजुर्ग महिला से झपटमारी का मामला भी सामने आया है। चोरी की बात करें तो ज्यादातर बाइक चोरी के मामले हैं। इसके अलावा मोबाइल टावर से कॉपर केबल चोरी होने की घटना भी सामने आई है। एक दिन पहले घर के सामान के साथ सोने के जेवरों और कैश की चोरी के मामले सामने आए थे। दो दिनों के अंदर ही 8 चोरी और एक झपटमारी का मामला सामने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। कुछ मामले में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। पुलिस अब सभी मामलों में आरोपियों की तलाश में जुट गई है। बीएसपी कर्मचारी का बाइक चोरी पहला मामला भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र का है। बीएसपी प्लांट में काम करने वाले राहुल कुमार साहू की बाइक चोरी हो गई। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल की रात वह ड्यूटी पर गए थे और अपनी बजाज पल्सर एनएस 125 बाइक को बीएसपी मेन गेट के बाइक स्टैंड में लॉक कर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह ड्यूटी से लौटे तो उनकी बाइक वहां नहीं थी। आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 15 अप्रैल को उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मां के इलाज के लिए आए, अस्पताल के गेट से बाइक चोरी दूसरा मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। ओंकार प्रसाद अपनी मां का इलाज कराने सेक्टर-9 अस्पताल गए थे। उन्होंने अपनी होंडा सीबी शाइन बाइक अस्पताल के मेन गेट के पास खड़ी की और अंदर चले गए। करीब 25 मिनट बाद जब वापस आए तो बाइक गायब थी। उन्होंने भी आसपास खोजबीन की, लेकिन बाइक का कुछ पता नहीं चला। बाद में उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। नीट की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स की बाइक हुई चोरी तीसरी घटना नेवई थाना क्षेत्र की है। यहां नीट की तैयारी कर रहे छात्र कुलदीप टंडन की बाइक चोरी हो गई। कुलदीप अपने दोस्तों के साथ सुबह टहलने दशहरा मैदान गया था। बाइक को मैदान के गेट के पास लॉक कर खड़ा किया था। करीब एक घंटे बाद लौटे तो बाइक वहां नहीं थी। दोस्तों के साथ मिलकर काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मोबाइल टावर का कॉपर केबल ले गए चोर चौथा मामला जामगांव आर थाना क्षेत्र का है, जहां मोबाइल टॉवर से कॉपर केबल चोरी हो गया। इंड्स मोबाइल टॉवर कंपनी के टेक्नीशियन वरुण कुमार चंद्राकर अपने साथियों के साथ रात में टावर की जांच कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम गुढियारी स्थित टावर पर पहुंचे तो देखा कि तीन-चार युवक केबल काट रहे हैं। टीम को देखते ही आरोपी 20 मीटर कॉपर केबल लेकर भाग गए। चोरी हुए केबल की कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई जा रही है। बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन की झपटमारी इससे पहले 14 अप्रैल को भी जिले में 4 चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इस तरह सिर्फ दो दिनों में कुल 8 चोरी के मामले दर्ज हो चुके हैं। वहीं, मोहन नगर थाना क्षेत्र में झपटमारी की घटना भी सामने आई है। सुबह करीब 5:45 बजे आजाद चौक निवासी मुन्नी बाई पटेल अपने रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार तीन युवक उनके पास आए। एक युवक ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका और अचानक उनके गले से सोने की माला छीन ली। माला में सोने की दो पत्ती और मेहंदी दाना लगा हुआ था। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इधर मंगलसूत्र तोड़कर सोना छिपाने वाला आरोपी गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 12 अप्रैल को शहीद वीर नारायण सिंह नगर, भिलाई में एक घर के पीछे के दरवाजे से घुसकर अज्ञात आरोपियों ने सोने का मंगलसूत्र चोरी किया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी ज्ञान दास गर्ग (31) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने साथी होरी लाल सोनवानी के साथ मिलकर चोरी करना कबूला। आरोपी ने मंगलसूत्र तोड़कर सोने की पत्तियां रख ली थीं और बाकी हिस्सा नाले में फेंक दिया। पुलिस ने सोने की पत्तियां बरामद कर ली हैं, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है।
<
