![]()
दुर्ग जिले में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर उसकी सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 9 किलो 500 ग्राम गांजा, 12 हजार 100 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 19 हजार 100 रुपए बताई जा रही है। यह मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा पुलिस को 12 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बालाजी नगर में श्री राम मंदिर के पास एक मकान में कुछ लोग बाहर से गांजा लाकर बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस और ACCU टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसके बाद संदिग्ध लोगों को पकड़कर उनसे पूछताछ की गई और तलाशी ली गई। ओडिशा से गांजा लाकर करते थे सप्लाई तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही नकद रकम और मोबाइल फोन भी मिले। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर दुर्ग और आसपास के इलाकों में बेचते थे। इस काम से वे जल्दी पैसा कमाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। भिलाई की एक महिला भी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों के नाम नवीन राना (26 वर्ष) और प्रमोद राणा (28 वर्ष) हैं, जो ओडिशा के बलांगीर जिले के रहने वाले हैं। तीसरी आरोपी दुर्गा अम्मा (65 वर्ष) है, जो खुर्शीपार के बालाजी नगर में रहती है। पुलिस का कहना है कि ये लोग मिलकर गांजा सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे। कार्रवाई से इलाके में चल रहे अवैध गांजा सप्लाई के एक नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
<
