![]()
दुर्ग जिले में अमलेश्वर के पास रायपुर रोड पर सोमवार शाम सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। शाम करीब 6 बजे 7 वंडर सिटी के सामने तेज रफ्तार कार ने स्कूटर सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ड्राइवर कार लेकर मौके से भाग निकला। मृतक की पहचान रविशंकर पाण्डेय के रूप में हुई है। वो मोतीपुर सांकरा से अमलेश्वर की ओर अपने स्कूटर से जा रहे थे। उनके दामाद राकेश कुमार पाण्डेय, जो ग्रीन अर्थ सिटी अमलेश्वर में रहते हैं उन्हें इस हादसे की सूचना मिली तो वे घटना स्थल पहुंचे। उनकी शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। रायपुर की ओर से आ रही थी तेज रफ्तार कार प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविशंकर पाण्डेय अपने टीव्हीएस जुपिटर (क्रमांक CG07 BB 1224) से आ रहे थे। जैसे ही वे 7 वंडर सिटी के पास पहुंचे, तभी रायपुर की ओर से आ रही एक ऑरेंज कलर की कार (क्रमांक CG04 MV 0554) ने उन्हें टक्कर मार दी। लोगों के अनुसार, कार ड्राइवर तेज रफ्तार में था और गाड़ी को लहराते हुए चला रहा था। सिर और पैर में गंभीर चोट से हुई मौत टक्कर लगते ही रविशंकर पाण्डेय सड़क पर गिर गए। उनके सिर और पैर में गंभीर चोट आई। चोट इतनी गंभीर थी कि, उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार ड्राइवर बिना रुके अमलेश्वर की ओर भाग गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे में स्कूटर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन जरूरी स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रोड पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस इलाके में ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और स्पीड कंट्रोल के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी कार चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
<
