भास्कर न्यूज | संबलपुर नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत तेंदुवा में इन दिनों अवैध रूप से लाल ईंटों का निर्माण, बिक्री और परिवहन किया जा रहा है। गांव के मैदानी क्षेत्रों में चार ईंट भट्ठे संचालित हो रहे हैं, जिनके कारण पर्यावरण और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे उत्पन्न हो रहे हैं। ग्राम पंचायत के पंच जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि इस संबंध में 23 मार्च को जनदर्शन में कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई थी। आवेदन में सरपंच चंद्रशेखर राजपूत, उप सरपंच प्रियंका वर्मा सहित अन्य पंचों के हस्ताक्षर भी शामिल थे। इसके बावजूद अब तक न तो जिला स्तर और न ही ब्लॉक स्तर का कोई अधिकारी मौके पर जांच के लिए पहुंचा है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अन्य प्रदेश से आए कुछ लोगों द्वारा बिना ग्राम पंचायत की अनुमति (एनओसी) के दबाव बनाकर बड़े पैमाने पर ईंट निर्माण किया जा रहा है। लाखों की संख्या में ईंटें तैयार कर उनकी बिक्री भी की जा रही है। कार्रवाई नहीं होने से भट्ठा संचालक मनमानी कर रहे है। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं: ग्रामीणों का कहना है कि ईंट भट्ठों से निकलने वाली जहरीली गैसें पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं। खासतौर पर हाई स्कूल और मिडिल स्कूल के पास भट्ठे संचालित होने से बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ गया है। पंच जितेंद्र ने बताया कि पहले पंचायत की अनुमति से भट्ठों का संचालन होता था, लेकिन पिछले दो वर्षों से बिना अनुमति के ही बड़े पैमाने पर निर्माण किया जा रहा है। कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
<
