![]()
भास्कर न्यूज | तमता ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से तमता में आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार शुभारंभ हो गया है। प्रतियोगिता के तीसरे सीजन की शुरुआत के साथ ही पूरा क्षेत्र खेलमय वातावरण में डूब गया है। फ्लड लाइट्स की दूधिया रोशनी में खेले जा रहे मुकाबलों ने दर्शकों के उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया है। मैदान पर चौके-छक्कों की गूंज और दर्शकों की तालियों ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल ने विधिवत रूप से टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर खरकट्टा के सरपंच इसू दास किंडो, बालाझर के सरपंच हरिनाथ दीवान, जनपद सदस्य रमेश यादव और तमता के उपसरपंच गोवर्धन यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां केसलापाठ के जयकारों के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर और रिबन काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। आयोजन स्थल पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे टूर्नामेंट की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मैच देखने पहुंचे। रात्रिकालीन आयोजन होने के कारण युवाओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना है, ताकि खिलाड़ी आगे बढ़कर जिला और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। दूसरा मैच खजरी इलेवन और आरआरआर इलेवन टीम के खिलािड़यों के बीच हुआ टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में खजरी 11 और आरआरआर 11 के बीच रोमांचक मैच खेला गया। आरआरआर 11 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। खजरी 11 की टीम ने 8 ओवर में 7 विकेट खोकर 55 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरआरआर 11 ने संतुलित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 7.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 56 रन बनाते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की। पहले दिन खेले गए अन्य मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालाझर 11 और पाकरटिकरा 11 के बीच खेले गए मैच में बालाझर 11 ने 8 ओवर में 46 रन बनाए। जवाब में पाकरटिकरा 11 की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 4.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से जीत दर्ज की।
<
