![]()
बिलासपुर में तालाब में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। वहीं उसे बचाने के प्रयास में उसके दो भाई भी तालाब में कूद पड़े और डूबने लगे। हालांकि, स्थानीय लोगों की मदद से दोनों भाइयों को बचा लिया गया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम अमसेना निवासी किसान प्रभात कौशिक नगर पालिका बोदरी के वार्ड-7 में नया मकान बनवा रहे हैं। उनके दो बेटे हिमांशु कौशिक, वैभव उर्फ विशु कौशिक और भतीजा शिवांश कौशिक निर्माण कार्य की देखरेख के लिए बोदरी गए थे। इसी दौरान भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए तीनों पास के बैराग तालाब में नहाने चले गए। अवैध उत्खनन के गड्ढे में समा गया हिमांशु नहाते समय हिमांशु तालाब के उस हिस्से में चला गया, जहां अवैध खनन के कारण गहरा गड्ढा बन गया था। पानी की गहराई का अंदाजा न लग पाने से वह डूबने लगा। उसे डूबते देख बचाने के लिए वैभव और शिवांश भी पानी में कूद गए, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वे भी डूबने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद हिमांशु की तलाश की गई और उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों का आरोप- अवैध खुदाई बनी मौत की वजह लोगों ने बताया कि दो साल पहले तालाब में बड़े पैमाने पर मुरुम और मिट्टी का अवैध खनन किया गया था, जिससे 10 से 15 फीट गहरे गड्ढे बन गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले साल भी इस तालाब में दो बच्चों की मौत हो चुकी है। हिमांशु अपने तीन भाइयों में मंझला था। हादसे की सूचना के बाद अमसेना गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
<
