![]()
राजनांदगांव जिले में अवैध खाद भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम माड़ीतराई में प्रशासन ने छापामार कार्रवाई कर लगभग 2300 बोरी खाद जब्त की। यह जिले में अब तक की सबसे बड़ी खाद जब्ती मानी जा रही है। यह कार्रवाई राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर की गई। कृषि, राजस्व और प्रशासनिक अमले की एक संयुक्त टीम गांव पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद गोदाम को तत्काल सील कर दिया। गोदाम में भारी मात्रा में खाद का भंडारण पाया गया। जिस परिसर में यह खाद मिली, वह ग्राम माड़ीतराई के सरपंच से जुड़े घर का बताया जा रहा है। प्रशासन ने गोदाम में मिले खाद के दस्तावेजों और वैधता की जांच शुरू कर दी है। मामले में सरपंच प्रतिनिधि दिलीप साहू ने मोबाइल पर बताया कि जब्त खाद बेलगांव निवासी पूर्व सरपंच छबील साहू के पुत्र लेखु साहू का है। अवैध कारोबार से जुड़े पुराने मामलों की जांच तेज उन्होंने यह भी कहा कि लेखु साहू का नाम पहले भी अवैध मुरुम और रेत के मामलों में सामने आ चुका है। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी मात्रा में खाद किस उद्देश्य से संग्रहित किया गया था। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि इसके लिए वैध अनुमति ली गई थी या नहीं और खाद का वितरण या परिवहन किन माध्यमों से किया जाना था। दस्तावेजों की जांच के साथ अवैध खाद कारोबार पर सख्ती अधिकारियों की ओर से स्टॉक रजिस्टर, परिवहन दस्तावेज और लाइसेंस संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध खाद कारोबार पर प्रशासन की निगरानी बढ़ गई है। संबंधित लोगों पर वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
<
