![]()
सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाने के सामने पूर्व डिप्टी सीएम टीएम सिंहदेव ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज भी क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। मंगलवार को प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। कांग्रेस ने जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट की FIR वापस लेने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। कांग्रेस में चल रही आपसी बयानबाजी के बीच टीएस सिंहदेव, भूपेश बघेल और दीपक बैज एक साथ एक मंच पर नजर आए। आंदोलन स्थल से नगर पंचायत शिवनंदनपुर की चुनावी आमसभा तक तीनों नेता एकजुट दिखाई दिए। आमसभा में शामिल होने के लिए तीनों नेता एक ही गाड़ी में सवार नजर आए। टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में दर्ज FIR को कानूनन गलत बताया। उन्होंने प्रशासन को शाम 6 बजे तक निर्णय लेने की मोहलत दी थी और चेतावनी दी थी कि कार्रवाई नहीं होने पर वे आमरण अनशन शुरू करेंगे। कांग्रेस की आमसभा से लौटने के बाद टीएस सिंहदेव ने विश्रामपुर थाने के सामने अनशन शुरू कर दिया। रात में आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे रहे। इनमें से कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी भूख हड़ताल शुरू कर दी है। भूपेश बोले- पुलिस अधिकारियों का नाम याद रखेंगे शिवनंदनपुर नगर पंचायत की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ फर्जी मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में टीएस सिंहदेव आमरण अनशन पर बैठे हैं, जबकि दीपक बैज भूख हड़ताल कर रहे हैं। भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के कांग्रेसजन चूड़ी पहनकर नहीं बैठे हैं। उन्होंने कहा कि थानेदार का नाम हमेशा याद रखा जाएगा। सरकार आती-जाती रहती है। किसी दिन हमारी भी सरकार आएगी। एसपी और आईजी भी समझ लें। जब मामला आपकी जानकारी में आ गया है तो सुधार कर लीजिए, नहीं तो इसे याद रखा जाएगा। प्रदर्शन के बाद दूसरे पक्ष के खिलाफ FIR कांग्रेस ने आंदोलन के दौरान प्रमुख रूप से तीन मांगें रखी थीं। इनमें से एक मांग नरेंद्र जैन के आवेदन पर दूसरे पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की थी। विश्रामपुर पुलिस ने मंगलवार देर शाम नरेंद्र जैन के आवेदन पर दूसरे पक्ष के खिलाफ धारा 296 और 351 (3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा कि न्याय के लिए चल रहे संघर्ष की राह में उनकी पहली मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि न्याय और संघर्ष की इस लड़ाई में वे आगे भी लगातार बढ़ते रहेंगे। दीपक बैज बोले- सत्ता का अहंकार ज्यादा दिन नहीं चलेगा आंदोलन स्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राज्य सरकार सत्ता के अहंकार में डूबी हुई है। कल हम सत्ता में थे, आज वे सत्ता में हैं। इस अहंकारी सरकार को जनता के बल पर उखाड़ फेंकेंगे। मंगलवार को पूरे दिन चले प्रदर्शन के बाद भी रात में विश्रामपुर थाने के सामने धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ बनी रही। देर रात तक बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व विधायक भानू प्रताप सिंह, पारस नाथ राजवाड़े और अंबिका सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए। रातभर अनशन स्थल पर जमे रहे नेता और कार्यकर्ता रात में अनशन स्थल पर एआईसीसी सदस्य आदितेश्वर सिंहदेव, सूरजपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जानिए पूरा मामला कांग्रेस पार्टी के मुताबिक शनिवार को भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के मेन रोड स्थित प्रतिष्ठान पर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मित्तल पांडेय ने चुनाव में जीत-हार को लेकर नरेंद्र जैन को उकसाया और उनके साथ बदसलूकी की। कांग्रेस का दावा है कि विवाद बढ़ने पर मित्तल पांडेय ने सत्ता का हवाला देते हुए नरेंद्र जैन को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी ने देर रात विश्रामपुर थाने में नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई। पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नरेंद्र जैन ने गाली-गलौज करते हुए मित्तल पांडेय पर कटार तान दी थी। हालांकि, पुलिस अब तक कथित कटार बरामद नहीं कर सकी है।
<
