बलांगीर| ओडिशा उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित प्लस-टू बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित हो गए हैं। स्थानीय जेएसएम आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज ने हर वर्ष की तरह इस बार भी सफलता का परचम लहराते हुए बलांगीर जिले में अपना दबदबा कायम रखा है। इस वर्ष संस्थान के सभी 84 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल रहे, जिससे कॉलेज का रिजल्ट 100 फीसदी रहा। विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। कॉमर्स स्ट्रीम में तोशिका मंगलानी और आर्ट्स स्ट्रीम में श्रुतिरेखा मिश्रा ने 95-95 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से टॉप किया है। वहीं, साइंस स्ट्रीम में अदार शर्मा ने 76 प्रतिशत अंकों के साथ संकाय में पहला स्थान प्राप्त किया। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, इस वर्ष कुल 84 परीक्षार्थियों में से 56 छात्र प्रथम श्रेणी (फर्स्ट डिवीज़न) में उत्तीर्ण हुए हैं। इसके अलावा 18 छात्रों ने द्वितीय और 10 ने तृतीय श्रेणी हासिल की है। इस ऐतिहासिक सफलता पर जेएसएम कॉलेज के चेयरमैन सीए श्रीकांत शर्मा और प्राचार्यों सहित समस्त स्टाफ ने खुशी जाहिर की है।
<
