भास्कर न्यूज | धमतरी धमतरी जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप-चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में 2 सरपंच और 20 पंचों के लिए जून महीने में उप-चुनाव होना है। जिले में 2 सरपंच और 20 पंचों के लिए उप-चुनाव होगा। इसमें धमतरी ब्लॉक में 1 सरपंच और 2 पंच, कुरूद ब्लाक में 8 पंच, मगरलोड ब्लाक में 1 सरपंच और 2 पंच तथा नगरी ब्लॉक में 8 पंचों के लिए उप-चुनाव होना है। यह चुनाव संभवत: जून महीने में होगा, जिसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अबिनाश मिश्रा ने रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। उन्होंने पंच-सरपंच के उप-निर्वाचन के लिए विकासखंड धमतरी, कुरूद, मगरलोड एवं नगरी के लिए संबंधित तहसीलदार को रिटर्निंग ऑफिसर पंचायत एवं संबंधित सीईओ जनपद पंचायत को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर पंचायत नियुक्त किया है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ पंचायत निर्वाचन नियम के अनुसार कतिपय मामले में नामंजूर किए गए सरपंच एवं पंच के नाम निर्देशन पत्रों का पुनरीक्षण किए जाने विकासखंड के एसडीएम पुनरीक्षण अधिकारी होंगे।
निर्वाचन शाखा के मुताबिक जिले में धमतरी ब्लॉक के लीलर में सरपंच पद अनुसूचित जनजाति मुक्त वर्ग के लिए आरक्षित है। मगरलोड ब्लाक के मोतिमपुर में भी अजजा मुक्त सरपंच चुने जाएंगे।
<
